जखनियां (गाजीपुर)। पूर्व विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) बृजेश सिंह ने बुधवार को क्षेत्र के प्रसिद्ध सिद्धपीठ हथियाराम मठ पहुंचकर मां बुढ़िया माई का विधि-विधान से दर्शन एवं पूजन किया। इस दौरान उन्होंने मठ के पीठाधीश्वर परम् पूज्य भवानी नंदन यति महाराज से आशीर्वाद प्राप्त कर उनका कुशलक्षेम जाना।
सिद्धपीठ पहुंचने पर मठ के संतों एवं श्रद्धालुओं ने उनका स्वागत किया। बृजेश सिंह ने मां बुढ़िया माई के दरबार में मत्था टेककर प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की। इसके बाद उन्होंने मठ परिसर का भ्रमण कर यहां की धार्मिक एवं आध्यात्मिक परंपराओं की जानकारी प्राप्त की।
दर्शन-पूजन के उपरांत बृजेश सिंह और पीठाधीश्वर भवानी नंदन यति महाराज के बीच लगभग एक घंटे तक आध्यात्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। बातचीत में सनातन संस्कृति के संरक्षण, युवाओं को भारतीय संस्कृति से जोड़ने तथा क्षेत्र के सामाजिक और विकास संबंधी मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।
पीठाधीश्वर ने कहा कि धार्मिक एवं आध्यात्मिक संस्थाएं समाज को सही दिशा देने का कार्य करती हैं तथा सामाजिक समरसता और मानव कल्याण के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए। वहीं बृजेश सिंह ने सिद्धपीठ हथियाराम मठ की आध्यात्मिक परंपरा और जनकल्याणकारी कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह मठ आस्था के साथ-साथ सामाजिक चेतना और सांस्कृतिक विरासत का भी महत्वपूर्ण केंद्र है।
कार्यक्रम के अंत में पूर्व एमएलसी ने मठ परिवार एवं उपस्थित श्रद्धालुओं से भेंट कर उनका अभिवादन किया।
पूर्व एमएलसी बृजेश सिंह ने सिद्धपीठ हथियाराम मठ में किया दर्शन-पूजन
Previous Articleवादकारी उत्थान समिति के सदस्यों ने एसडीएम को सौंपा पत्रक
Related Posts
Add A Comment

