लखनऊ थाना निगोहां क्षेत्र के भगवानपुर गांव में रविवार सुबह एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार भगवानपुर गांव निवासी पुत्तीलाल (28) पुत्र रामकिशुन ने रविवार सुबह अपने घर के बरामदे में चादर के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब परिजनों की नजर उस पर पड़ी तो घर में कोहराम मच गया। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई।सूचना पर पहुंचे थाना निगोहां के प्रभारी निरीक्षक अनुज तिवारी ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।प्रभारी निरीक्षक अनुज तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक शराब पीने का आदी था। रविवार सुबह किसी बात को लेकर उसकी पत्नी से कहासुनी और विवाद हुआ था। विवाद के बाद वह घर के अंदर चला गया और बरामदे में चादर के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतक की पत्नी रीता, जो आठ माह की गर्भवती है, पति की मौत से गहरे सदमे में है। उसका रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों और ग्रामीणों द्वारा उसे ढांढस बंधाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।ग्रामीणों के अनुसार पुत्तीलाल की असमय मौत से गांव में शोक का माहौल है। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पत्नी से विवाद के बाद युवक ने फांसी लगाकर दी जान, आठ माह की गर्भवती पत्नी का रो-रोकर बुराहाल
Related Posts
Add A Comment

