रसड़ा (बलिया)। रसड़ा रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव नहीं होने और यात्री सुविधाओं के अभाव के कारण क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। एक्सप्रेस ट्रेनें स्टेशन से गुजर जाती हैं, जिससे छात्रों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और दूर-दराज यात्रा करने वाले यात्रियों को दूसरे स्टेशनों का सहारा लेना पड़ता है।
रसड़ा क्षेत्र के लोगों का कहना है कि आजादी के बाद से अब तक रसड़ा रेलवे स्टेशन की बुनियादी सुविधाओं पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया। ऐतिहासिक, पौराणिक और औद्योगिक महत्व रखने वाला रसड़ा क्षेत्र होने के बावजूद यहां के यात्रियों को ट्रेन पकड़ने के लिए दूर जाना पड़ता है।
क्षेत्रवासियों के अनुसार रसड़ा रेलवे स्टेशन जनपद के अधिक आय देने वाले स्टेशनों में शामिल होने के बाद भी सुविधाओं के मामले में पिछड़ा हुआ है। स्टेशन पर यात्रियों के बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। पेयजल, छाया के लिए शेड, टिकट एवं रिजर्वेशन काउंटर जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव है। भीषण गर्मी में यात्रियों को खुले आसमान के नीचे खड़े होकर ट्रेन का इंतजार करना पड़ता है।
दिव्यांग यात्रियों के लिए भी कोई विशेष सुविधा उपलब्ध नहीं है। वहीं डाउन ट्रेनों को एक नंबर प्लेटफार्म पर लाने की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ। दूसरे प्लेटफार्म पर जाने में बुजुर्ग, महिलाओं और दिव्यांग यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि रेलवे अधिकारियों को कई बार समस्याओं से अवगत कराया गया, लेकिन आश्वासन के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ। लोगों ने रेल मंत्री से रसड़ा रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव सहित सभी जरूरी यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
रसड़ा रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव और सुविधाओं के अभाव से यात्री परेशान
Previous Articleवारंटी अभियुक्त को सुखपुरा पुलिस ने किया गिरफ्तार
Related Posts
Add A Comment

