(गाजीपुर)। जनपद गाजीपुर के जहूराबाद विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत विकासखंड बाराचवर के करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम सभा कामुपुर में सोमवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक युवक कथित तौर पर शादी कराने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया।।
प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक सुबह करीब 3 बजे टावर पर चढ़ गया और लंबे समय तक वहीं डटा रहा। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। युवक के टावर पर चढ़ने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए, जिससे क्षेत्र में हलचल मच गई।।
पुलिस एवं स्थानीय लोगों के काफी प्रयास, समझाइश और बातचीत के बाद युवक को सुबह लगभग 7:45 बजे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इसके बाद पुलिस युवक को आवश्यक पूछताछ के लिए थाने ले गई।।
बताया जा रहा है कि युवक रसड़ा क्षेत्र की एक युवती से विवाह कराने की मांग कर रहा था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।।

