/गाजीपुर।बाराचवर विकासखंड के करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र में कथित अवैध मिट्टी खनन और तेज रफ्तार ट्रैक्टरों के संचालन को लेकर स्थानीय लोगों में गहरी नाराज़गी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि मिट्टी से लदे ट्रैक्टर दिन-रात क्षेत्र की सड़कों पर तेज गति से दौड़ रहे हैं, जिससे आमजन की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।।
स्थानीय लोगों के अनुसार कई ट्रैक्टर चालक चट्टी, बाजार और चौराहों से गुजरते समय तेज आवाज़ में अश्लील गाने बजाते हैं, जिससे सामाजिक वातावरण भी प्रभावित हो रहा है। वहीं ट्रैक्टरों की तेज रफ्तार के कारण उड़ने वाली धूल दुकानों और घरों तक पहुंच रही है, जिससे व्यापारियों, राहगीरों और स्थानीय निवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि लगातार भारी वाहनों के आवागमन से कई स्थानों पर सड़कें क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। उनका आरोप है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो कभी भी कोई बड़ा सड़क हादसा हो सकता है।।
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से कथित अवैध मिट्टी खनन पर तत्काल रोक लगाने, तेज रफ्तार वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है।।

