(गाजीपुर)। दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के जलालाबाद स्थित मां शारदा पीजी कॉलेज में शनिवार को निर्माण कार्य के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में एक युवा राजमिस्त्री की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक की पहचान दुल्लहपुर निवासी 26 वर्षीय सर्वेश उर्फ बृजेश कुमार, पुत्र शिवचंद्र राम, के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार कॉलेज परिसर में बाउंड्री वॉल का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान कार्य करते समय सर्वेश ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली की लाइन की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना के तुरंत बाद उन्हें आनन-फानन में उपचार के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
कॉलेज के प्रबंध निदेशक बृजेश कुशवाहा ने बताया कि हादसा निर्माण कार्य के दौरान हाईटेंशन तार के संपर्क में आने से हुआ। घटना के बाद कार्यस्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
युवा बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मृतक की मां सुमित्रा देवी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सर्वेश के पिता शिवचंद्र राम पैडल रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घर के कमाऊ बेटे की असामयिक मौत से परिवार गहरे सदमे में है।
इस हृदयविदारक घटना पर क्षेत्र के लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया। हरिओम मद्धेशिया, सुरेश राम, पारस साहू तथा कॉलेज प्रबंधक बृजेश कुशवाहा सहित अनेक लोगों ने मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की।
निर्माण कार्य के दौरान हाईटेंशन लाइन बनी काल, युवा राजमिस्त्री की दर्दनाक मौत
Related Posts
Add A Comment

