फेफना, बलिया, 3 जुलाई। थाना फेफना पुलिस ने नाबालिग के अपहरण एवं पॉक्सो एक्ट से संबंधित मामले में वांछित आरोपी को बिहार से गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग पुत्री के बिना बताए घर से चले जाने की सूचना देते हुए तहरीर दी थी। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर पुलिस ने अपहरण एवं पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की।
जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने बिहार के सुपौल जनपद के राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही निवासी आदित्य गुप्ता (29) को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। स्थानीय न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त करने के बाद आरोपी को बलिया लाया गया और आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय में पेश किया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सदर अक्षय कुमार एवं थानाध्यक्ष अखिलेश चन्द्र पाण्डेय के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सुरेन्द्र नाथ यादव एवं मुख्य आरक्षी जितेन्द्र यादव शामिल रहे।
Related Posts
Add A Comment

