हापुड़ (मनीष कुमार) खरीफ सीजन के बीच किसानों को उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए संयुक्त कृषि निदेशक (उर्वरक), उत्तर प्रदेश डॉ. हरेन्द्र मिश्रा ने शनिवार को जनपद हापुड़ का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर उर्वरक की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था और निगरानी की समीक्षा की तथा प्रेस वार्ता कर महत्वपूर्ण जानकारी दी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में डॉ. हरेन्द्र मिश्रा ने स्पष्ट कहा कि जनपद के किसानों को यूरिया या अन्य उर्वरकों की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। सरकार किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि शासनादेश के अनुसार ही जनपद में उर्वरकों का वितरण किया जाएगा। सभी अधिकृत विक्रेताओं पर विभाग की कड़ी नजर है और वितरण प्रक्रिया की लगातार निगरानी की जा रही है।
संयुक्त कृषि निदेशक ने चेतावनी देते हुए कहा कि यूरिया की कालाबाजारी, जमाखोरी या निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने किसानों से अपील की कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही उर्वरक खरीदें, निर्धारित मूल्य पर बिल अवश्य लें और किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर तत्काल कृषि विभाग को सूचना दें।

