लखनऊ राजधानी के समिट बिल्डिंग में संचालित इंटरनेशनल साइबर फ्रॉड कॉल सेंटर मामले में लखनऊ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर क्राइम थाना और साइबर क्राइम सेल की संयुक्त टीम ने मामले के मुख्य आरोपी एवं सिंडिकेट के मास्टरमाइंड विनीत शर्मा, उसकी प्रेमिका रिंकी दास गुप्ता तथा सहयोगी नायकर जयराज को पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित एक रिजॉर्ट से गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर लखनऊ लाया गया है, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।पुलिस के अनुसार, फरार चल रहे मास्टरमाइंड विनीत शर्मा पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। वह मूल रूप से गुजरात का रहने वाला है। उसके साथ गिरफ्तार नायकर जयराज भी गुजरात का निवासी बताया जा रहा है, जबकि रिंकी दास गुप्ता पश्चिम बंगाल की रहने वाली है। जांच में सामने आया है कि रिंकी के पश्चिम बंगाल में कई क्लब, पब और ब्यूटी पार्लर संचालित हैं।पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि विनीत शर्मा गुजरात के एक बड़े कारोबारी का बेटा है। उसने करीब एक करोड़ रुपये की पूंजी से साइबर फ्रॉड कॉल सेंटर का नेटवर्क खड़ा किया और विदेशी नागरिकों, विशेषकर अमेरिकी नागरिकों को निशाना बनाकर करोड़ों रुपये की ठगी को अंजाम दिया। आरोप है कि साइबर ठगी से अर्जित काली कमाई का बड़ा हिस्सा उसने अपनी प्रेमिका रिंकी दास गुप्ता के विभिन्न व्यवसायों में निवेश किया।
जांच एजेंसियों के अनुसार, इस अंतरराष्ट्रीय साइबर फ्रॉड सिंडिकेट का संचालन विदेश से भी किया जा रहा था। पुलिस का दावा है कि चार्ल्स नामक एक व्यक्ति अमेरिका में बैठकर पूरे नेटवर्क का संचालन करता था। वही अमेरिकी नागरिकों का डेटा उपलब्ध कराता था और हवाला के जरिए ठगी की रकम भारत भेजने की व्यवस्था भी करता था। फिलहाल चार्ल्स फरार है और उसकी तलाश जारी है।
गौरतलब है कि इससे पहले लखनऊ पुलिस ने समिट बिल्डिंग में संचालित इस इंटरनेशनल साइबर फ्रॉड कॉल सेंटर पर कार्रवाई करते हुए 119 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। अब मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को पूरे नेटवर्क, विदेशी कनेक्शन, हवाला चैनल और ठगी से अर्जित संपत्तियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां मिलने की उम्मीद है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। फरार अन्य आरोपियों की तलाश के साथ-साथ साइबर फ्रॉड से जुड़े आर्थिक लेन-देन, हवाला नेटवर्क और विदेशी संपर्कों की भी गहन जांच की जा रही है।
इंटरनेशनल साइबर फ्रॉड कॉल सेंटर का मास्टरमाइंड प्रेमिका समेत गिरफ्तार, कोलकाता के रिजॉर्ट से लखनऊ पुलिस ने दबोचा
Related Posts
Add A Comment

