भांवरकोल। (गाजीपुर) थाना क्षेत्र के गोड़ी खास गांव से लापता हुए 4 वर्षीय मासूम सिद्धार्थ के मामले में पुलिस ने गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मासूम के अचानक गायब होने से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में चिंता का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जामवंत कुशवाहा पुत्र तारानाथ कुशवाहा, निवासी गोड़ी खास, ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि 6 जुलाई 2026 की सुबह करीब 10 बजे उनका चार वर्षीय पुत्र सिद्धार्थ घर के बाहर खेल रहा था। कुछ देर बाद वह अचानक लापता हो गया। परिजनों ने अपने स्तर पर हरसंभव तलाश की, लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल सका।
मामले की गंभीरता को देखते हुए भांवरकोल पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर मासूम की तलाश शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष रोहित कुमार मिश्रा ने बताया कि बच्चे की गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस की टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं। आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन के साथ-साथ आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है।
पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि किसी को मासूम सिद्धार्थ के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल भांवरकोल थाना या नजदीकी पुलिस को सूचना दें, ताकि बच्चे को सकुशल उसके परिजनों तक पहुंचाया जा सके।

