भांवरकोल (गाजीपुर)। विकास खंड भांवरकोल मुख्यालय के समीप स्थित मां काली मंदिर परिसर में लगने वाली सब्जी मंडी अव्यवस्थाओं के कारण लोगों की परेशानी का कारण बन गई है। सब्जी बाजार के बीच मांस और मछली की दुकानें लगने से जहां शाकाहारी ग्राहकों को असुविधा हो रही है, वहीं बारिश के मौसम में उठने वाली दुर्गंध से बाजार का माहौल भी प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र के दर्जनों गांवों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग सब्जी खरीदने इस मंडी में पहुंचते हैं। लेकिन सब्जी मंडी के बीच मांस और मछली की बिक्री होने तथा उनके अवशेषों के उचित निस्तारण की व्यवस्था नहीं होने से पूरे परिसर में तेज दुर्गंध फैल जाती है। इससे खरीदारी करने आने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
एक स्थानीय नागरिक ने बताया कि मंडी में प्रवेश करते ही दुर्गंध के कारण खड़ा होना मुश्किल हो जाता है। उनका कहना है कि शाकाहारी लोगों के लिए इस माहौल में खरीदारी करना बेहद असहज हो गया है। लोगों का यह भी कहना है कि पड़ोसी मिर्जाबाद बाजार में भी ऐसी ही स्थिति बनी हुई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि बाजार की नीलामी होने और दुकानदारों से बाजार शुल्क वसूले जाने के बावजूद साफ-सफाई तथा मांस-मछली की दुकानों के लिए अलग स्थान की व्यवस्था नहीं की गई है। इससे मंदिर परिसर की पवित्रता और आसपास का वातावरण भी प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि मांस एवं मछली की दुकानों के लिए अलग स्थान निर्धारित किया जाए, ताकि सब्जी मंडी में आने वाले लोगों को दुर्गंध और अव्यवस्था से राहत मिल सके। साथ ही बाजार में नियमित साफ-सफाई और अपशिष्ट के वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
मां काली मंदिर के पास सब्जी मंडी में मांस-मछली की दुकानें, दुर्गंध से लोग परेशान
Related Posts
Add A Comment

