जखनिया (गाजीपुर)। जखनिया रेलवे स्टेशन पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 25 वर्षीय युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और रेलवे पुलिस (जीआरपी) मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहन चौहान (25 वर्ष) पुत्र रामाशीष चौहान, निवासी ग्राम बडनपुर, थाना शादियाबाद, अपने बड़े भाई के साथ वाराणसी स्थित बीएचयू में इलाज कराने जा रहे थे। परिजनों ने बताया कि मोहन को पिछले कुछ दिनों से सिरदर्द और बुखार की शिकायत थी। दवा लेने के बाद भी स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श के लिए बीएचयू ले जाया जा रहा था।
बताया जाता है कि सुबह करीब 11 बजे बनारस की ओर जाने वाली कृषक एक्सप्रेस जखनिया रेलवे स्टेशन पर पहुंची। इसी दौरान मोहन चौहान ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रहे थे कि अचानक उनका पैर फिसल गया और वह ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मोहन चौहान अपने परिवार में दो भाइयों में छोटे थे। जखनिया बाजार के दक्षिणी केबिन के समीप उनकी गिट्टी-बालू एवं हार्डवेयर की दुकान है। बड़े भाई दिनेश चौहान दुकान का संचालन करते हैं। परिवार के युवा सदस्य की असामयिक मृत्यु से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की सूचना मिलते ही ट्रेन चालक ने स्टेशन मास्टर को अवगत कराया। स्टेशन मास्टर ने तत्काल कोतवाली भुड़कुड़ा पुलिस तथा जीआरपी को सूचना दी। जीआरपी टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसे की खबर मिलते ही मृतक के माता-पिता, बहन और अन्य परिजन स्टेशन पहुंच गए। जवान बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बडनपुर गांव और जखनिया बाजार में इस दुखद घटना के बाद शोक का माहौल है।
पुलिस के अनुसार मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

