पिपरी/सोनभद्र (22 जुलाई 2026)। जनपद सोनभद्र में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिपरी पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के आदेशानुसार तथा अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल व अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार के कुशल निर्देशन में थाना पिपरी पुलिस ने ऑपरेशन दहन के अंतर्गत बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 18,000 लीटर जप्तशुदा अवैध अंग्रेजी शराब का विधिवत विनष्टीकरण कराया। यह पूरी कार्रवाई माननीय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, सोनभद्र के आदेश (दिनांक 25.06.2026) के अनुपालन में जिलाधिकारी सोनभद्र द्वारा गठित त्रिस्तरीय समिति की देखरेख में संपन्न हुई। थाना पिपरी परिसर में माल मुकदमाती के त्वरित एवं विधिसम्मत निस्तारण हेतु आयोजित इस विनष्टीकरण कार्यक्रम के दौरान उपजिलाधिकारी (SDM) दुद्धी, क्षेत्राधिकारी (CO) पिपरी हर्ष पाण्डेय, अभियोजन अधिकारी तथा थानाध्यक्ष पिपरी राजेश चौबे मुख्य रूप से उपस्थित रहे। समिति की मौजूदगी में थाना पिपरी पर पूर्व में पंजीकृत कुल 5 गंभीर मुकदमों (मु0अ0सं0-11/2024, 124/2021, 150/2025, 254/2025 एवं 13/2026) से संबंधित माल का निस्तारण किया गया। विभिन्न मुकदमों में जप्त की गई कुल 2,426 पेटियों में रखी 37,218 छोटी-बड़ी शीशियों (लगभग 18,000 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब) को पूरी पारदर्शिता के साथ नष्ट किया गया। कार्रवाई के दौरान थाना परिसर में जेसीबी से गहरा गड्ढा खुदवाकर पूरी शराब को उसमें बहाया गया। निष्पक्षता और विधिक मानकों को बनाए रखने के लिए पूरी प्रक्रिया की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कराई गई। जिला पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी करने वाले भू-माफियाओं और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त विधिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
सोनभद्र ऑपरेशन दहन के तहत पिपरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, करीब 18,000 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब का कराया विनष्टीकरण
Related Posts
Add A Comment

