सोनभद्र । जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देशों के अनुपालन में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वागीश कुमार शुक्ला ने की। बैठक के दौरान जनपद में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, सड़क हादसों में कमी लाने तथा यातायात से जुड़ी समस्याओं के त्वरित व स्थायी समाधान को लेकर विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए अपर जिलाधिकारी वागीश कुमार शुक्ला ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। रॉबर्ट्सगंज नगरपालिका परिषद क्षेत्र में रेलवे ओवरब्रिज से वर्षा का पानी सीधे मुख्य सड़क पर गिरने की समस्या को तत्काल हल किया जाए। इसके लिए प्रभावी पाइपलाइन बिछाकर जल निकासी की सुरक्षित व्यवस्था बनाई जाए ताकि आवागमन सुचारु रहे और हादसों का खतरा कम हो। जनपद की विभिन्न सड़कों के किनारे बने गड्ढों की तत्काल पैच मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। लोक निर्माण विभाग (PWD) तथा संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया गया कि जनपद के सभी चिन्हित दुर्घटना बहुल क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट्स) पर आवश्यक चेतावनी एवं संकेतक (साइन बोर्ड) तत्काल लगाए जाएं, जिससे वाहन चालकों को पूर्व में ही सतर्क किया जा सके। परिवहन, पुलिस एवं शिक्षा विभाग को संयुक्त रूप से निर्देश दिए गए कि विद्यालयों व महाविद्यालयों में नियमित रूप से सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान संचालित किए जाएं तथा छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के पालन हेतु प्रेरित किया जाए। समीक्षा बैठक में मुख्य रूप से जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) जयराम सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (ARTO), जिला आबकारी अधिकारी, प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता शैलेश ठाकुर सहित पुलिस व परिवहन विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
सोनभद्र जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दुर्घटना रोकथाम व यातायात सुरक्षा पर हुई विस्तृत समीक्षा
Related Posts
Add A Comment

