गाजीपुर, । जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से माह के प्रथम शनिवार को जनपद की सभी तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील कासिमाबाद में आयोजित मुख्य कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा भी उपस्थित रहे।
कासिमाबाद तहसील में कुल 86 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 4 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं जनपद की सभी सातों तहसीलों में कुल 436 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 40 शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया गया।
अन्य तहसीलों की बात करें तो सदर तहसील में 46 शिकायतों में 7, मुहम्मदाबाद में 76 शिकायतों में 14, जमानियां में 49 शिकायतों में 5, जखनियां में 86 शिकायतों में 4, सैदपुर में 48 शिकायतों में 2 तथा सेवराई तहसील में 45 शिकायतों में 4 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कई मामलों का तत्काल समाधान कराया। शेष प्रकरणों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देशों के साथ अग्रसारित किया गया।
जिलाधिकारी ने पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि एवं आपसी विवादों के मामलों में आपसी समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी लेखपालों से कहा कि जिन शिकायतों का तत्काल समाधान संभव हो, उनमें किसी भी शिकायतकर्ता को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, जिला विकास अधिकारी राजन राय, उपजिलाधिकारी कासिमाबाद, तहसीलदार कासिमाबाद, क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद सहित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
सम्पूर्ण समाधान दिवस: जिले की सातों तहसीलों में 436 शिकायतें, 40 का मौके पर निस्तारण
Related Posts
Add A Comment

