गाजीपुर। करीमुद्दीनपुर थाने में तैनात उपनिरीक्षक (एसआई) रामानंद जी अपनी 40 वर्षों की गौरवशाली, ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ पुलिस सेवा पूर्ण करने के बाद करीमुद्दीनपुर थाने से सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर थाना परिसर में आयोजित विदाई समारोह में थानाध्यक्ष (इंस्पेक्टर) राज नारायण जी ने उन्हें अंगवस्त्र और श्रीरामचरितमानस (रामायण)की पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके स्वस्थ, सुखमय और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में पूरे थाना परिवार, पुलिसकर्मियों, कर्मचारियों, क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और शुभचिंतकों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर एसआई रामानंद जी को फूल-मालाओं से सम्मानित किया। उनके चार दशक लंबे सेवा-काल की ईमानदारी, अनुशासन और जनसेवा की सभी ने मुक्तकंठ से सराहना की।
इस अवसर पर इंस्पेक्टर राज नारायण जी ने कहा कि एसआई रामानंद जी जैसे अधिकारी पुलिस विभाग की अमूल्य धरोहर हैं। उनका कार्यकाल नए पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने पूरी सेवा के दौरान अपने कर्तव्यों का निष्ठा और निष्पक्षता के साथ निर्वहन किया।
विदाई समारोह भावुक पलों का साक्षी बना, जहां साथियों और क्षेत्रीय लोगों ने उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई देते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखद जीवन की शुभकामनाएं दीं।
उपस्थित सभी लोगों ने एसआई रामानंद जी को सेवानिवृत्ति पर हार्दिक बधाई एवं उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए कामना की।

