बलिया। जनपद के रसड़ा क्षेत्र के कोटवारी मोड़ निवासी वीर प्रताप यादव ने अपनी मेहनत, लगन और निरंतर प्रयास के बल पर पहले GATE (Graduate Aptitude Test in Engineering) परीक्षा में सफलता हासिल की और अब असिस्टेंट लोको पायलट (ALP) के पद पर चयनित होकर जिले का नाम रोशन किया है।
वीर प्रताप यादव, श्रीराम बृज के पुत्र हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा देवस्थली विद्यापीठ, चिलकहर से प्राप्त की, जहां से हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्होंने छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर से बी.टेक (मैकेनिकल इंजीनियरिंग) की डिग्री हासिल की।
बताया जाता है कि उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान प्रतिदिन लगभग 10 घंटे नियमित अध्ययन किया। उनकी कठिन मेहनत और अनुशासित दिनचर्या का परिणाम रहा कि उन्होंने पहले GATE परीक्षा में सफलता प्राप्त की और अब भारतीय रेलवे में असिस्टेंट लोको पायलट (ALP) के पद पर चयनित होकर एक नई उपलब्धि अपने नाम की है।
वीर प्रताप यादव ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और परिवार के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और पूरी ईमानदारी व अनुशासन के साथ मेहनत की जाए, तो कोई भी सफलता हासिल की जा सकती है।
उनकी इस उपलब्धि से परिवार, शिक्षकों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर है। वहीं, क्षेत्र के युवाओं के लिए वीर प्रताप यादव की सफलता एक प्रेरणा बन गई है, जो यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से बड़े से बड़ा सपना भी साकार किया जा सकता है।
बलिया का होनहार बना प्रेरणा: GATE परीक्षा में सफलता के बाद असिस्टेंट लोको पायलट बने वीर प्रताप यादव
Related Posts
Add A Comment

