घोराबाल/सोनभद्र
पावन श्रावण मास के दृष्टिगत पवित्र शिवद्वार धाम में उमड़ रही शिव भक्तों और कांवड़ियों की भारी भीड़ को देखते हुए मंगलवार को प्रशासनिक व पुलिस अमला एक्शन मोड में नजर आया। जिलाधिकारी सोनभद्र चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने संयुक्त रूप से शिवद्वार मंदिर पहुँचकर कांवड़ यात्रा एवं मेले के संबंध में की गई व्यवस्थाओं का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता और चिकित्सा सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ियों के विश्राम स्थलों, मंदिर परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की स्थिति देखी। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग द्वारा श्रद्धालुओं की आपातकालीन चिकित्सीय देखभाल हेतु लगाए गए स्वास्थ्य शिविर तथा सुरक्षा के दृष्टिगत स्थापित मेला कंट्रोल रूम का भी जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद जिला पंचायत राज अधिकारी (DPRO) एवं अधिशासी अधिकारी (EO) नगर पंचायत घोरावल को कड़े निर्देश दिए। श्रावण मास में श्रद्धालुओं की अत्यधिक संख्या को देखते हुए शिवद्वार मंदिर परिसर और पहुंच मार्गों पर नियमित सफाई, पर्याप्त पेयजल, समुचित प्रकाश (लाइटिंग) व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं बिना किसी रुकावट के सुनिश्चित की जाएं, ताकि दूर-दराज से आने वाले शिव भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। शिवद्वार मंदिर के उपरांत जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने शाहगंज बाजार क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बाजार की सड़कों पर पसरी गंदगी, पानी के भराव और कीचड़ को देखकर अधिकारियों ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी (DPRO) और लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिशासी अभियंता को मौके पर ही कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल सफाई कराने तथा सड़क किनारे निर्माणाधीन नाले में आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने का आदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिस मार्ग से कांवड़िए और श्रद्धालु गुजर रहे हैं, वहाँ स्वच्छता, समतलीकरण और सुगम यातायात हर हाल में सुनिश्चित होना चाहिए। स्थलीय निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी (SDM) घोरावल विशाल कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी नामित शरण, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग एस.के. सिंह सहित पुलिस, राजस्व व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
सोनभद्र शिवद्वार मंदिर पहुँचे DM व SP कांवड़ यात्रा व्यवस्थाओं का लिया जायजा, शाहगंज बाजार में गंदगी पर जताई नाराजगी
Related Posts
Add A Comment

