चोपन/सोनभद्र
सोनभद्र के मारकुंडी क्षेत्र में मुख्य मार्ग पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा सामने आया, जहाँ एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रेलर ने तबाही मचाते हुए सड़क किनारे स्थित तीन दुकानों और एक मकान को जोरदार टक्कर मारते हुए पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दर्दनाक दुर्घटना में पूर्व प्रधान का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार हेतु जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और भारी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मारकुंडी मुख्य मार्ग से गुजर रहा एक ट्रेलर अत्यधिक तेज रफ्तार में था। अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी दुकानों व रिहाइशी मकान में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीन दुकानें और एक मकान पूरी तरह से टूटकर जमींदोज हो गए। हादसे के वक्त मौके पर मौजूद पूर्व प्रधान का बेटा रामलखन यादव गंभीर रूप से चोटिल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में घायल रामलखन यादव को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज जारी है। पीड़ित परिवार व स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, इस दुर्घटना में मकान, दुकानों व अंदर रखे सामान को मिलाकर लगभग 10 लाख रुपये के भारी आर्थिक नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही थाना चोपन पुलिस तत्काल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और फरार वाहन चालक के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। स्थानीय निवासियों ने मुख्य मार्ग पर अनियंत्रित व ओवरस्पीडिंग (तेज रफ्तार) वाहनों पर अंकुश लगाने की मांग की है।
सोनभद्र मारकुंडी में तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रेलर ने मचाया तांडव तीन दुकानें व एक मकान ढहा, हादसे में पूर्व प्रधान का बेटा गंभीर
Related Posts
Add A Comment

