पिपरी/सोनभद्र
जनपद सोनभद्र के पिपरी थाना क्षेत्र से एक अत्यंत हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ गंभीर बीमारी से जूझ रही एक महिला ने परिजनों का सहारा और सहयोग न मिलने से हतोत्साहित होकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। पिपरी थाना क्षेत्र के डिंगिया नाला (जलाशय) में कूदकर कैंसर पीड़ित महिला ने आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना से पूरे इलाके में शोक और सनसनी की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका लंबे समय से कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से पीड़ित थी और जिंदगी की जंग लड़ रही थी। बीमारी के चलते परिजनों व पति से अलग होकर वह अकेले ही तंगहाली और शारीरिक कष्ट में गुजर-बसर कर रही थी। बताया जा रहा है कि लंबे इलाज के बावजूद बीमारी में सुधार न होने और अपनों की ओर से कोई सहारा या आर्थिक सहयोग न मिलने के कारण महिला मानसिक रूप से काफी व्यथित थी। इसी पारिवारिक उपेक्षा और अवसाद से तंग आकर उसने डिंगिया नाले में छलांग लगा दी, जिससे डूबने से उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही थाना पिपरी पुलिस तत्काल दलबल के साथ मौके पर पहुँची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से महिला के शव को नाले से बाहर निकाला। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने मृतका की शिनाख्त की और उसके परिजनों को घटना की सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की अग्रिम वैधानिक कार्रवाई में जुट गई है।
सोनभद्र कैंसर पीड़ित महिला ने परिजनों का सहारा न मिलने पर जलाशय में कूदकर दी जान
Related Posts
Add A Comment

