सोनभद्र। आशीष मिश्रा। जनपद में महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर प्रभावी रोकथाम, पीड़िताओं की सकुशल बरामदगी और अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान 5.0 के अंतर्गत थाना जुगैल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन)ऋषभ रुणवाल के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी ओबरा प्रभात राय के पर्यवेक्षण में जुगैल पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर अपहृत युवती को सकुशल बरामद कर मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटनाक्रम के अनुसार, 24 अगस्त 2026 को वादी राधेश्याम भारती (निवासी ग्राम गोठानी, थाना जुगैल) ने थाने में सूचना दर्ज कराई कि 20 अगस्त की देर रात करीब 1:00 बजे उसी के गांव का कन्हैया लाल भारती उसकी 20 वर्षीय बहन को शादी करने की नीयत से जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर भगा ले गया है। तहरीर के आधार पर जुगैल पुलिस ने तत्काल मुकदमों की धारा 87 बीएनएस (BNS) के तहत मामला पंजीकृत (मु०अ०सं० 110/2026) कर युवती की खोजबीन हेतु पुलिस टीम का गठन किया।इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू की 25 अगस्त को रॉबर्ट्सगंज में शादी की नीयत से जाते समय पुलिस ने बढ़ौली तिराहे के पास से युवती को सकुशल बरामद कर लिया। हालांकि, उस दौरान मौका पाकर अभियुक्त कन्हैया लाल भारती फरार होने में सफ़ल रहा। पुलिस ने लगातार दबिश देते हुए 25 अगस्त की सुबह करीब 11:30 बजे अगोरी खास किले के पास से अभियुक्त कन्हैया लाल भारती (उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम गोठानी) को धर दबोचा। युवती का चिकित्सीय परीक्षण एवं आवश्यक कानूनी बयान दर्ज कराने के बाद पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई पूर्ण करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
सोनभद्र मिशन शक्ति 5.0 के तहत जुगैल पुलिस की बड़ी सफलता, 24 घंटे में युवती बरामद अभियुक्त गिरफ्तार
Related Posts
Add A Comment

