एसपी अभिषेक वर्मा एवं उनकी धर्मपत्नी की गरिमामयी उपस्थिति में पुलिस परिवार ने मनाया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
पुलिस लाइन स्थित मंदिर में सजी मनमोहक झांकियां, बच्चों ने दीं भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
सत्य, कर्तव्य और लोककल्याण के मार्ग पर चलने का संदेश एसपी सोनभद्र
सोनभद्र । अजीत प्रताप सिंह। रिजर्व पुलिस लाइन चुर्क परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा, उल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। दिनांक 04/05 सितंबर 2026 की मध्य रात्रि आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा एवं उनकी धर्मपत्नी की गरिमामयी उपस्थिति में पूरे पुलिस परिवार ने भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया। जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर पुलिस लाइन स्थित मंदिर को रंग-बिरंगे पुष्पों व नयनाभिराम विद्युत झालरों से आकर्षक ढंग से सजाया गया। भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकी एवं बाल गोपाल का अलौकिक श्रृंगार किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक एवं उनकी धर्मपत्नी ने पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों तथा उनके परिवारीजनों के साथ विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना एवं आरती की।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस परिवार के बच्चों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, माखन चोरी एवं जीवन प्रसंगों पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। भक्ति गीतों एवं श्रीकृष्ण भजनों की कर्णप्रिय प्रस्तुतियों से पूरा पुलिस लाइन परिसर जय श्री कृष्णा और नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों व परिवारीजनों ने बच्चों के प्रदर्शन की भूरि-भूरि सराहना की और आपसी प्रेम, सौहार्द व पारिवारिक आत्मीयता का सुंदर दृश्य देखने को मिला। समस्त पुलिस परिवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं देते हुए पुलिस अधीक्षक सोनभद्र श्री अभिषेक वर्मा ने कहा भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हम सभी को सत्य, कर्तव्य, धर्म एवं लोककल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी जैसे पावन पर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को सशक्त करते हैं तथा समाज में प्रेम, सौहार्द, सद्भाव एवं आपसी एकता की भावना को और मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम के समापन पर विधि-विधान से महाआरती के उपरांत सभी में महाप्रसाद का वितरण किया गया और एक-दूसरे को जन्माष्टमी की बधाई दी गई।इस भव्य आयोजन के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर/मुख्यालय) अनिल कुमार सहित जनपद के अन्य क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, पुलिस लाइन के अधिकारी/कर्मचारीगण एवं उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

