पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष उमाशंकर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुआ भव्य कार्यक्रम
विद्यार्थियों ने शिक्षकों को पुष्पगुच्छ एवं उपहार भेंट कर लिया आशीर्वाद
प्रबंधक सुशील कुशवाहा ने शिक्षकों को किया सम्मानित, प्रधानाचार्य अवध नारायण त्रिपाठी ने डॉ. राधाकृष्णन के जीवन पर डाला प्रकाश
ओबरा/सोनभद्र । आशीष मिश्रा।ओबरा स्थित शिशु शिक्षा निकेतन के प्रांगण में 5 सितंबर 2026 को भारत के पूर्व राष्ट्रपति, महान शिक्षाविद एवं दार्शनिक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जन्मदिवस शिक्षक दिवस के रूप में अत्यंत हर्षोल्लास, श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ओबरा शिक्षा समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष उमाशंकर सिंह की अध्यक्षता में मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं तथा शिक्षक-शिक्षिकाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता एवं आदर व्यक्त करते हुए उन्हें पुष्पगुच्छ (बुके) एवं उपहार भेंट कर उनका भावभीना अभिवादन किया और चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया। विद्यालय के प्रबंधक सुशील कुशवाहा द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले विद्यालय के सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। विद्यालय के प्रधानाचार्य अवध नारायण त्रिपाठी ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन प्रसंगों एवं शिक्षा के क्षेत्र में उनके अविस्मरणीय योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि गुरु के दिखाए मार्ग पर चलकर ही जीवन में सफलता प्राप्त की जा सकती है।कार्यक्रम के अध्यक्ष उमाशंकर सिंह ने विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं के शिक्षण कार्य एवं समर्पण की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने नन्हे-मुन्ने बच्चों को लगन से पढ़ाई करने तथा समाज में एक अच्छा व जिम्मेदार नागरिक बनने का आशीर्वाद प्रदान किया।कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों में मिष्ठान वितरण किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक, कर्मचारीगण तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

