मारकुंडी के ओबरी टोले में असामाजिक तत्वों ने पत्थर से क्षतिग्रस्त की प्रतिमा, ग्रामीणों में भारी नाराजगी
सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ पहुंचे सीओ सिटी, चोपन प्रभारी निरीक्षक व गुरमा चौकी प्रभारी
पुलिस ने ग्रामीणों को शांत कराकर स्थिति को लिया नियंत्रण में नई प्रतिमा स्थापित करने व आरोपियों की गिरफ्तारी का दिया भरोसा
चोपन/सोनभद्र। आशीष मिश्रा। जनपद सोनभद्र के चोपन थाना क्षेत्र अंतर्गत मारकुंडी ग्राम पंचायत के ओबरी टोला में उस समय हड़कंप मच गया, जब संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त पाई गई। असामाजिक तत्वों द्वारा प्रतिमा को पत्थर मारकर क्षतिग्रस्त किए जाने की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और बाबा साहेब के अनुयायी मौके पर एकत्र हो गए। घटना को लेकर स्थानीय निवासियों में गहरा आक्रोश व्याप्त हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया। क्षेत्राधिकारी नगर , प्रभारी निरीक्षक चोपन तथा चौकी प्रभारी गुरमा भारी पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों से वार्ता कर उन्हें समझा-बुझाकर स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में लिया। प्रशासन ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि माहौल बिगाड़ने की साजिश करने वाले अराजक तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस प्रशासन द्वारा मौके पर शांति व्यवस्था कायम करते हुए क्षतिग्रस्त प्रतिमा के स्थान पर नई प्रतिमा की स्थापना कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात उपद्रवियों की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
स्थानीय प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने तथा शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

