अनपरा, सोनभद्र।अनपरा कॉलोनी स्थित बुद्ध पार्क के मैदान में 17 मई 2026 की रात नाईट सर्किल क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 का भव्य और रंगारंग समापन हुआ। लगभग एक महीने तक चले इस रोमांचक क्रिकेट महासमर में टीम AJ 11 ने इतिहास रचते हुए इस साल का खिताब अपने नाम कर लिया, जबकि टीम वारियर को उपविजेता के पद से संतोष करना पड़ा। स्थानीय विद्युत कर्मियों की खेल प्रतिभा को निखारने और उनके बीच एकता व अनुशासन की भावना सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित इस टूर्नामेंट में कुल 12 टीमों ने हिस्सा लिया था।समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतियोगिता के संरक्षक और अनपरा तापीय परियोजना बताप के महाप्रबंधक (GM) ई. चंद्र प्रकाश उपस्थित रहे। खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने कहा खेल हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा है। यह न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है, बल्कि हमें अनुशासन और टीम वर्क (सामूहिक प्रयास) की सीख भी देता है। ऐसे आयोजन औद्योगिक जीवन की व्यस्तता के बीच बेहद जरूरी हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से एक विशेष अपील करते हुए कहा कि वे ऐसे आयोजनों में अपने बच्चों को भी साथ लाएं, ताकि आज की पीढ़ी मोबाइल और सोशल मीडिया की आभासी दुनिया को छोड़कर खेल के मैदान से जुड़ सके। विशिष्ट अतिथि के रूप में पहुंचे महाप्रबंधक इं. निखिल चतुर्वेदी ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को बधाई दी। आयोजन समिति के इं. विजय कुमार दिनकर ने अतिथियों एवं फाइनल में पहुंची दोनों टीमों का आभार व्यक्त किया। वहीं, एसटी/एससी समिति के अध्यक्ष नीलेश भारती एवं महासचिव राजाराम बौद्ध ने पूरी आयोजन समिति की पीठ थपथपाई। 19 अप्रैल से शुरू हुई इस प्रतियोगिता का महामुकाबला टीम AJ 11 और टीम वारियर के बीच खेला गया। AJ 11 के कप्तान इं. असुरजीत शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी वारियर की टीम AJ 11 की घातक गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और 12 ओवरों में 71 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। वारियर की ओर से श्रीकांत वर्मा ने 30 गेंदों में सर्वाधिक 38 रन और एस.पी. बाबू ने 11 गेंदों पर 12 रनों का योगदान दिया। गेंदबाजी में अजय पटेल ने शानदार स्पेल डालते हुए 2 ओवरों में मात्र 8 रन देकर 2 विकेट झटके। वहीं, शक्ति प्रकाश ने कंजूसी से गेंदबाजी करते हुए 2 ओवरों में केवल 7 रन देकर 1 विकेट लिया। 72 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इं. असुरजीत शर्मा की अगुवाई वाली AJ 11 ने सधे हुए अंदाज में बल्लेबाजी की और 11.4 ओवरों में 73 रन बनाकर खिताबी जीत दर्ज कर ली। विजेता टीम के कप्तान असुरजीत शर्मा ने चमचमाती हुई ट्रॉफी उठाई, वहीं उपविजेता वारियर के कप्तान इं. शैलेश यादव ने रनर-अप की ट्रॉफी हासिल की। तीसरे स्थान पर रही नाईट टीम के कप्तान प्रवीण कश्यप को भी समिति ने ट्रॉफी भेंट की। व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए निम्नलिखित पुरस्कार दिए गए। मैन ऑफ द मैच (फाइनल) सुरेन्द्र पटेल AJ 11 फाइनल में मैच जिताऊ प्रदर्शन, मैन ऑफ द सीरीज अमित सिंह – पूरे टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन, बेस्ट बल्लेबाज अमित सिंह – टूर्नामेंट में सर्वाधिक/बेहतरीन रन, बेस्ट गेंदबाज इं. असुरजीत शर्मा AJ 11 शानदार और किफायती गेंदबाजी की,मुख्य आयोजक इंद्रसेन गौतम एवं डॉ. विशाल मोहन ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में क्षेत्र के गणमान्य अभियंता और कर्मचारी मौजूद रहे, जिनमें मुख्य रूप से, इं. महेन्द्र सिंह, इं. कुमार गौरव, इं. संदीप रजक, श्री एस.पी. कुशवाहा, इं. सतीश यादव, इं. भरत यादव, इं. पीयूष राय, इं. कृष्णा प्रेमी, इं. रवि गुप्ता, इं. इरफ़ान, योगेश अग्रवाल, ऋषिश वर्मा, इं. धर्मेंद्र राम करण, इं. विष्णु देव झा, इं. अश्वनी पाल, इं. ज्ञानेंद्र सिंह पटेल, प्रशांत उपाध्याय, प्रभाकर सिंह, संदीप, सुनील देव, अंकित ओझा, कामता यादव, बिन्देश सिंह, उमेश और रोजर अख्तर शामिल थे।फाइनल मुकाबले में अंपायर (निर्णायक) की भूमिका इं. सुशील सिंह एवं संजय वाल्मीकि ने निभाई, जबकि पूरे कार्यक्रम का शानदार और सफल संचालन इं. सचिन कनौजिया ने किया।प्रतियोगिता को सफल बनाने में पर्दे के पीछे रहकर काम करने वाले ऊर्जावान साथियों का विशेष योगदान रहा। इनमें हरिकेश भारती, संजय प्रजापति, सचिन कनौजिया, ललित वैश्य, सत्येंद्र कुमार, विशाल शाही, नागेंद्र बाबू, राकेश यादव, विषम्भार, अशोक, घनश्याम, संजय, विनोद, विकाश, विजेंद्र सिंह, उमेश, शुभम वर्मा और देवब्रत शामिल थे।यह प्रतियोगिता न केवल क्रिकेट के प्रति क्षेत्र के जुनून को प्रदर्शित करने वाली साबित हुई, बल्कि इसने यह भी सिद्ध कर दिया कि व्यस्त औद्योगिक और कॉर्पोरेट जीवन के बीच खेल ही मनोरंजन, मानसिक शांति और सामाजिक एकता का सबसे सशक्त माध्यम है।
Previous Articleशिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है— इंदु सिंह
Related Posts
Add A Comment

