गाजीपुर। मरदह थाना क्षेत्र में ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक को झांसा देकर उसकी अपाचे बाइक लेकर एक शातिर ठग फरार हो गया। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना देते हुए कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार मरदह थाना क्षेत्र के बोगना गांव निवासी वीर बहादुर अपनी अपाचे बाइक से पलहीपुर गए हुए थे। इसी दौरान किसी का फोन आने पर वह सड़क किनारे रुककर बातचीत करने लगे। तभी हीरो होंडा स्प्लेंडर बाइक से एक अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचा और अपाचे बाइक को देखने लगा।
बताया जाता है कि उक्त व्यक्ति ने वीर बहादुर से कहा कि वह अपाचे बाइक चलाकर देखना चाहता है। बातचीत के दौरान उसने भरोसा जीत लिया, जिसके बाद वीर बहादुर ने उसे बाइक की चाबी दे दी। आरोपी अपनी स्प्लेंडर बाइक वहीं छोड़कर अपाचे लेकर बरही बाजार की ओर चला गया, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा।
घंटों इंतजार के बाद जब युवक वापस नहीं आया तो वीर बहादुर को अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ। उन्होंने तत्काल डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस को मामले से अवगत कराया और मरदह थाने पहुंचकर लिखित तहरीर दी। साथ ही आरोपी द्वारा छोड़ी गई स्प्लेंडर बाइक भी पुलिस को सौंप दी।
पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान और बाइक की बरामदगी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरही नहर से लेकर पलहीपुर क्षेत्र तक इस प्रकार की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और ऐसे ठगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अपाचे बाइक दिखाने के बहाने ठग हुआ फरार, पीड़ित ने पुलिस से लगाई गुहार
Related Posts
Add A Comment

