भांवरकोल (गाजीपुर)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून को भांवरकोल विकासखंड क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्राम पंचायत शेरपुर, पखनपुरा, लोचाइन, सुखडेहरा, मुर्गी अगाध, मलिकपुरा, अवथही सहित क्षेत्र के अनेक गांवों में सैकड़ों लोगों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
उच्चाधिकारियों के निर्देश के क्रम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विशेष ग्राम सभाओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने तथा जलवायु संतुलन बनाए रखने पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
ग्राम सभा को संबोधित करते हुए ग्राम पंचायत सचिव नीतू सिंह ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हम सभी को अपनी “मां” के नाम एक पेड़ लगाने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी देखभाल और संरक्षण करना भी उतना ही आवश्यक है। यदि लगाए गए पौधों को सुरक्षित रखा जाए तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिल सकेगा।
वहीं ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अच्छेलाल ने कहा कि पर्यावरण की स्वच्छता और मानव जीवन का अस्तित्व वृक्षों पर ही निर्भर है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य रोशन, ग्राम रोजगार सेवक राम, वीर बहादुर, निरंजन, राजू राम, समूह सखी मंसा देवी, रिंकू शर्मा, आशा देवी, सविता देवी, गीता देवी, सुमन देवी, छगुरी देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
वृक्षारोपण के साथ सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए हर वर्ष अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें संरक्षित करने की शपथ ली। पूरे क्षेत्र में आयोजित यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों की बढ़ती जागरूकता का प्रतीक बना।
विश्व पर्यावरण दिवस पर भांवरकोल क्षेत्र में चला व्यापक वृक्षारोपण अभियान, “मां के नाम एक पेड़” लगाने का लिया संकल्प
Related Posts
Add A Comment

