करीमुद्दीनपुर (गाजीपुर)। उतरांव गांव के सिवान में आंचल राजभर की मौत के मामले में रविवार को प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर पहराजपुर गांव की राजभर बस्ती पहुंचे। उन्होंने मृतका के माता-पिता और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। मंत्री ने कहा कि मामले की उच्चस्तरीय जांच अब स्थानीय पुलिस के बजाय क्राइम ब्रांच से कराई जाएगी और करीब 15 दिन में जांच पूरी कराने का प्रयास होगा।
मंत्री ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि जांच पूरी पारदर्शिता के साथ होगी और दोषियों के विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। जांच की प्रगति की जानकारी पीड़ित परिवार को भी दी जाएगी।
वहीं एसपी ग्रामीण अतुल सोनकर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट को प्रदेश के मेडिको-लीगल विशेषज्ञों के पास भेजकर चिकित्सकीय राय ली जाएगी। घटनास्थल, जहां बच्ची मिली थी, वहां एफएसएल टीम बुलाकर क्राइम सीन का पुनर्निर्माण भी कराया जाएगा। पूरी विवेचना पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के पर्यवेक्षण में क्राइम ब्रांच द्वारा की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार चाहे तो मामले में किसी विशेषज्ञ से विधिक राय भी ले सकता है।
मंत्री के लौटने के दौरान कुछ महिलाएं उनकी गाड़ी के सामने आ गईं और पुलिस जांच को लेकर नाराजगी जताते हुए विरोध करने लगीं। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों ने महिलाओं को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद मंत्री का काफिला रवाना हुआ।

