जखनिया (गाजीपुर)। जखनिया रेलवे स्टेशन के पास बुधवार दोपहर एक बड़ी लापरवाही के चलते रेलवे फाटक पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वाराणसी सिटी से गोरखपुर जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस के आगमन से ठीक पहले एक टोटो चालक ने बंद हो रहे रेलवे फाटक के बूम में टक्कर मारकर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया और मौके से फरार हो गया। गेटमैन की सतर्कता और रेलवे कर्मचारियों की तत्परता से संभावित बड़ा हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 1:45 बजे जखनिया रेलवे स्टेशन के उत्तरी दिशा स्थित गेट संख्या-17 (स्पेशल) को वाराणसी सिटी-गोरखपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के गुजरने के लिए बंद किया जा रहा था। इसी दौरान पूर्वी दिशा से तेज गति से आ रहा एक टोटो चालक जल्दबाजी में फाटक पार करने का प्रयास करने लगा। जैसे ही गेटमैन ने बूम नीचे किया, टोटो उसकी चपेट में आ गया और जोरदार टक्कर से बूम टूट गया।
घटना के बाद चालक बिना रुके टोटो लेकर जखनिया बाजार की ओर भाग निकला। गेटमैन ने तत्काल सूझबूझ दिखाते हुए भाग रहे टोटो की तस्वीर अपने मोबाइल में कैद कर ली और घटना की सूचना स्टेशन मास्टर को दी।
सूचना मिलते ही रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त बूम की मरम्मत का कार्य शुरू किया। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए इंटरसिटी एक्सप्रेस को कुछ समय के लिए नियंत्रित किया गया। तकनीकी खराबी दूर करने के बाद लगभग 10 मिनट की देरी से ट्रेन को मऊ की ओर रवाना किया गया।
घटना के चलते रेलवे क्रॉसिंग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। भीषण गर्मी और तपती धूप में राहगीरों तथा वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। काफी देर तक लोग जाम में फंसे रहे और व्यवस्था बहाल होने का इंतजार करते रहे।
रेलवे सूत्रों के अनुसार, टोटो चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इंटरसिटी एक्सप्रेस के आने से पहले रेलवे फाटक पर मचा हड़कंप, टोटो ने तोड़ा बूम, बड़ा हादसा टला
Related Posts
Add A Comment

