बलिया, 3 जुलाई। पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित साप्ताहिक शुक्रवार परेड की सलामी ली। इस दौरान उन्होंने परेड का निरीक्षण कर अनुशासन, एकरूपता और कार्यकुशलता बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
परेड के दौरान पुलिसकर्मियों की शारीरिक एवं मानसिक फिटनेस को ध्यान में रखते हुए एसपी ने स्वयं अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ दौड़ लगाई तथा टोलीवार ड्रिल कराई। उन्होंने जवानों को अनुशासन और समन्वय के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने दंगा नियंत्रण उपकरणों, फर्स्ट एड किट एवं अन्य आवश्यक संसाधनों का निरीक्षण किया। उन्होंने उपकरणों की नियमित साफ-सफाई, समुचित रखरखाव तथा आपातकालीन परिस्थितियों में उनके प्रभावी उपयोग के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। जवानों को दंगा नियंत्रण उपकरणों के साथ अभ्यास भी कराया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में वे तत्परता से कार्रवाई कर सकें।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सदर/लाइन अक्षय कुमार, प्रतिसार निरीक्षक रामबेलास, पुलिस अधीक्षक के जनसंपर्क अधिकारी उपनिरीक्षक कौशल कुमार पाठक सहित अन्य अधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
एसपी ने शुक्रवार परेड की सलामी ली, जवानों को दौड़ व दंगा नियंत्रण का कराया अभ्यास
Related Posts
Add A Comment

