ओबरा (सोनभद्र)। नर सेवा ही नारायण सेवा है के मूल जीवन मंत्र को पूरी तरह आत्मसात करते हुए नगर के प्रमुख सामाजिक संगठन श्रीराम सेवा समिति द्वारा निस्वार्थ सेवा का संकल्प लगातार जारी है। इसी सेवा पथ पर निरंतर आगे बढ़ते हुए शनिवार को ओबरा के सुभाष चौराहा स्थित हनुमान मंदिर परिसर में समिति द्वारा 49वें साप्ताहिक खिचड़ी भंडारे का भव्य व बड़े स्तर पर आयोजन किया गया। उल्लेखनीय है कि श्रीराम सेवा समिति पिछले 11 महीनों से बिना रुके, बिना थके लगातार हर शनिवार को इस पुनीत कार्य को पूरी निष्ठा के साथ संचालित कर रही है। ओबरा नगरी में समिति के इस निरंतर और परोपकारी प्रयास को देखकर अब क्षेत्र के कई अन्य लोग और सामाजिक संस्थाएं भी प्रेरित होकर जन-सेवा के क्षेत्र में कदम बढ़ा रही हैं। शनिवार सुबह से ही सुभाष चौराहा स्थित हनुमान मंदिर पर समिति के पदाधिकारी और सेवादार उत्साह के साथ एकत्र होने लगे थे। मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने और प्रभु को भोग लगाने के बाद भंडारे का शुभारंभ हुआ। दोपहर तक चले इस विशाल आयोजन में हजारों की संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं, राहगीरों, श्रमिकों और जरूरतमंदों ने कतारबद्ध होकर पूरी श्रद्धा के साथ महाप्रसाद (खिचड़ी) ग्रहण किया। स्थानीय नागरिकों ने समिति की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि बिना किसी व्यवधान के हर हफ्ते इतने बड़े स्तर पर भोजन उपलब्ध कराना समिति के उच्च सेवा भाव को दर्शाता है। श्रीराम सेवा समिति केवल भोजन वितरण तक ही सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के स्वच्छता के संदेश को भी धरातल पर उतार रही है। हर शनिवार की भांति इस बार भी प्रसाद वितरण का कार्य सुचारू रूप से संपन्न होने के बाद, समिति के सदस्यों ने मिलकर पूरे मंदिर परिसर में झाड़ू लगाई और गहन साफ-सफाई की। समिति का यह कड़ा और सराहनीय नियम है कि जहां भी भंडारा आयोजित होता है, उस पूरे परिसर को पहले की तरह पूरी तरह स्वच्छ और सुंदर बनाकर ही सदस्य वहां से विदा लेते हैं। इस पुनीत अभियान को सफल बनाने में समिति के संस्थापक वरिष्ठ पत्रकार अजीत सिंह और मुख्य संरक्षक श्री बाबू राम सिंह व ओम प्रकाश सिंह ,संकट मोचन झा, लक्ष्मी ज्वेलर्स प्रोपराइटर आदित्य वर्मा क्रिस केयर विद्यालय के प्रबंधक अमरदीप सिंह, संरक्षक सरिता सिंह, अध्यक्ष सर्वेश दुबे, रीना राय, विजय शंकर, रणजीत तिवारी,अनिल गुप्ता, विनय चौबे, छोटेलाल मिश्रा, नरेंद्र गुप्ता, शारदा प्रसाद जायसवाल, अमित तिवारी,करण जोगले, पत्रकार संतोष साहनी, अरविंद गुप्ता विकास अग्रहरि,कैलाश बिहारी, दिलीप दत्ता, पूर्व प्रधानाध्यापक विजय कुमार के कुशल मार्गदर्शन में पूरी टीम मुस्तैद रही। महाप्रसाद वितरण कार्य में अपना अमूल्य सहयोग देने के लिए चोपन से विशेष रूप से पधारे पत्रकार प्रमोद कुमार और मुकेश कुमार जी का समिति ने सहृदय धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्य नागरिकों ने पूरी तन्मयता के साथ प्रसाद वितरण और सफाई अभियान में अपना महत्वपूर्ण श्रमदान किया।
ओबरा नर सेवा ही नारायण सेवा श्रीराम सेवा समिति ने लगाया 49वां साप्ताहिक खिचड़ी भंडारा, हजारों ने ग्रहण किया प्रसाद
Related Posts
Add A Comment

