ओबरा (सोनभद्र)। ओबरा नगर स्थित ब्राह्मण समाज कार्यालय परिसर में आयोजित त्रिदिवसीय धार्मिक अनुष्ठान के अंतिम दिन भगवान श्री परशुराम, प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश और विद्या की देवी मां शारदा की भव्य एवं दिव्य मूर्तियों की वैदिक मंत्रोच्चार और पूर्ण विधि-विधान के साथ प्राण प्रतिष्ठा की गई। इस पावन अवसर पर पूरा परिसर आध्यात्मिक रंग में सराबोर नजर आया। सांस्कृतिक एवं धार्मिक नगरी काशी (वाराणसी) से विशेष रूप से पधारे विद्वान पुरोहितों—आचार्य सत्यम चौबे, डॉ. हरकेश तिवारी, पं. शिवम पाण्डेय, पं. राजेश दुबे और पं. शिवम चौबे के आचार्यत्व में तीन दिनों तक चले इस भव्य अनुष्ठान को संपन्न कराया गया। मुख्य यजमान के रूप में ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष पं. नंदलाल पांडेय एवं उनकी धर्मपत्नी सूर्यमणि ने सपत्नीक पूजा-अर्चना की और वैदिक मंत्रों के बीच मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा का कार्य पूर्ण किया। प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व देव विग्रहों को नगर भ्रमण (नगर परिक्रमा) पर ले जाया गया, जिससे संपूर्ण ओबरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। भव्य रथ पर सवार भगवान श्री गणेश, मां शारदा और भगवान श्री परशुराम की मूर्तियों ने श्रद्धालुओं को उनके घर-द्वार पर दर्शन दिए।
यह शोभायात्रा सर्वप्रथम मां शारदा मंदिर बिल्ली से प्रारंभ होकर श्री ॐ सदाशिव महादेव मंदिर श्री राम नगर, श्री करुणेश्वर मंदिर सेक्टर नौ, श्री गायत्री मंदिर वीआईपी रोड, श्री गीता मंदिर सेक्टर आठ, श्री राम मंदिर मुख्य बाजार, श्री हनुमान मंदिर नेता जी चौक और मां शीतला मंदिर होते हुए वापस ब्राह्मण समाज कार्यालय पर आकर श्रद्धापूर्वक संपन्न हुई। इस दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर और आरती उतारकर भगवान का स्वागत किया।अनुष्ठान के अंतिम दिन विधि-विधान से महाहवन का आयोजन किया गया, जिसमें यजमानों सहित उपस्थित समाज के लोगों ने आहुतियां डालकर क्षेत्र की सुख, समृद्धि और शांति की कामना की। इसके पश्चात एक विशाल भंडारे (महाप्रसाद) का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नगर और आसपास के श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया और पुण्य के भागी बने। इस पूरे धार्मिक उत्सव को सफल बनाने में ब्राह्मण समाज के पदाधिकारियों और स्थानीय प्रबुद्ध वर्ग का सराहनीय सहयोग रहा। अनुष्ठान के दौरान मुख्य रूप से देवानंद मिश्र, शैलेन्द्र चौबे,श्रीकांत दुबे,बिंदु पांडेय,कमलाकांत पांडेय,
पुष्पराज पांडेय,डॉ. एके पांडेय,कृष्णमोहन तिवारी,सहित बड़ी संख्या में विप्र बंधु, मातृशक्ति और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
ओबरा में गूंजे वैदिक मंत्र ब्राह्मण समाज कार्यालय पर भगवान परशुराम, श्री गणेश और मां शारदा की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न, विशाल भंडारे में उमड़े श्रद्धालु
Related Posts
Add A Comment

