गाजीपुर। विकासखंड सदर के ग्राम पंचायत खालिसपुर (न्याय पंचायत खालिसपुर) में आयोजित दो दिवसीय मुख्यमंत्री खाद्य प्रसंस्करण ग्राम स्वरोजगार प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन मंगलवार, 4 अगस्त 2026 को हुआ। समापन अवसर पर ग्राम प्रधान राजेश सिंह ने प्रशिक्षण प्राप्त लाभार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किए तथा उन्हें प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान का उपयोग कर स्वरोजगार स्थापित करने के लिए प्रेरित किया।
ग्राम प्रधान राजेश सिंह ने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। यदि युवा एवं ग्रामीण प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी का सही उपयोग करें तो वे आत्मनिर्भर बनकर अपने साथ-साथ अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध करा सकते हैं।
प्रशिक्षण के दौरान डॉ. सुधीर सिंह ने उपस्थित लाभार्थियों को विकसित भारत का संकल्प दिलाते हुए कहा कि आत्मनिर्भरता ही वास्तविक स्वरोजगार का आधार है। उन्होंने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों और नवाचार को अपनाकर ग्रामीण भारत को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर राजेश यादव, अंजू कुशवाहा एवं सूरज कुमार कुशवाहा ने भी लाभार्थियों को स्वयं का उद्योग स्थापित करने के लिए प्रेरित किया तथा प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान का उपयोग कर अपने गांव और देश के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में राजकीय फल संरक्षण केंद्र, गाजीपुर के प्रभारी सैयद हाशिम महमूद ने लाभार्थियों को खाद्य प्रसंस्करण एवं फल संरक्षण के क्षेत्र में अपनी इकाइयां स्थापित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं उपलब्ध अनुदान का लाभ उठाकर स्वरोजगार शुरू करने की अपील की तथा अधिक से अधिक लोगों को उद्यमी बनने के लिए प्रोत्साहित किया।
समापन समारोह में ग्राम प्रधान राजेश सिंह ने वाराणसी मंडल के मंडलीय अधिकारी, राजकीय खाद्य विज्ञान प्रशिक्षण केंद्र के प्रधानाचार्य श्री ज्वाला प्रसाद, राजकीय फल संरक्षण केंद्र गाजीपुर के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सफल प्रशिक्षण आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया।
खालिसपुर में दो दिवसीय मुख्यमंत्री खाद्य प्रसंस्करण ग्राम स्वरोजगार प्रशिक्षण का समापन, लाभार्थियों को मिले प्रमाणपत्र
Related Posts
Add A Comment

