ओबरा (सोनभद्र)। आज के इस डिजिटल युग में जहां मासूम बचपन और युवा पीढ़ी मोबाइल की स्क्रीन और सोशल मीडिया की वर्चुअल दुनिया में सिमटती जा रही है, वहीं सोनभद्र के औद्योगिक क्षेत्र ओबरा से बदलाव की एक बेहद खूबसूरत और ऐतिहासिक बयार बहने लगी है। राष्ट्रीय नवनिर्माण सेना ट्रस्ट द्वारा संचालित राष्ट्रीय नवनिर्माण क्रिकेट सेना के तत्वावधान में आयोजित स्थानीय क्रिकेट प्रतियोगिता क्षेत्र में न सिर्फ खेल की प्रतिभाओं को निखार रही है, बल्कि नई पौध की रगों में राष्ट्रवाद का जज्बा भी फूंक रही है।ओबरा क्षेत्र के इतिहास में यह अपनी तरह का पहला ऐसा अनूठा खेल अभियान है, जिसमें अंडर-14 (14 वर्ष तक) और अंडर-18 (18 वर्ष तक) के बच्चों व किशोरों को मैदान की मिट्टी से जोड़कर उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनाने का बीड़ा उठाया गया है।डाला सुपर किंग ने टॉस की बाजी जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का साहसिक फैसला लिया। शानदार तालमेल की बदौलत टीम ने विपक्षी खेमे के सामने 133 रनों का मजबूत लक्ष्य खड़ा किया। रनों के बड़े दबाव के आगे एलीट वॉरियर की टीम पूरी तरह बिखर गई और निर्धारित ओवरों में लक्ष्य से काफी दूर रह गई।डाला सुपर किंग ने 33 रनों के बड़े अंतर से धमाकेदार जीत दर्ज की।अपनी उत्कृष्ट और आतिशी बल्लेबाजी से मैच का रुख मोड़ने वाले डाला सुपर किंग के बल्लेबाज विशाल को मैन ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया। इस मैच में मुख्य अतिथि के रूप में शशि चौबे जी उपस्थित रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई की। दूसरा मुकाबला ओबरा टाइटन बनाम ओबरा सुपर जायंट टॉस जीतकर ओबरा सुपर जायंट ने पहले गेंदबाजी चुनकर विपक्षी टीम को रोकने की रणनीति बनाई। ओबरा टाइटन की टीम पहले खेलते हुए 67 रनों पर सिमट गई।छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी ओबरा सुपर जायंट की टीम ने बेहद सधे हुए अंदाज में बल्लेबाजी की और बिना किसी बड़ी अड़चन के लक्ष्य हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया। ओबरा सुपर जायंट के होनहार बल्लेबाज कृष्णा को उनकी मैच जिताऊ और सूझबूझ भरी पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस मुकाबले में स्थानीय लोकप्रिय सभासद अनुज वर्मा जी बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। तीसरा मुकाबला गांधी मैदान क्रिकेट क्लब बनाम किंग्स इलेवन गांधी मैदान क्रिकेट क्लब ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कोर बोर्ड पर 71 रन टांगे। लक्ष्य छोटा था, लेकिन गांधी मैदान के गेंदबाजों ने अपनी धारदार गेंदबाजी से मैच का पासा पलट दिया। किंग्स इलेवन की पूरी टीम इस छोटे से स्कोर के सामने भी बेबस नजर आई और महज 56 रनों पर ऑल आउट हो गई। गांधी मैदान क्रिकेट क्लब ने 15 रनों से यह बेहद रोमांचक मैच जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की।इस मैच के मुख्य अतिथि जनाब महताब आलम साहब रहे, जिन्होंने बच्चों के खेल कौशल की सराहना करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। मैच के समापन पर राष्ट्रीय नवनिर्माण सेना ट्रस्ट के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने जनसभा और अभिभावकों को संबोधित करते हुए एक बेहद गंभीर विषय पर ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा आज के समय की सबसे बड़ी चुनौती और आवश्यकता हमारी आने वाली पीढ़ी को मोबाइल की कृत्रिम दुनिया के चंगुल से मुक्त कराकर खेल के मैदान तक वापस लाना है। मैदान की धूल बच्चों को मजबूत बनाती है। यह प्रतियोगिता आने वाले कल के भारत को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से अनुशासित, वैचारिक रूप से राष्ट्रभक्त और समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक सौंपने की दिशा में हमारा एक छोटा सा गिलहरी प्रयास है।इस ऐतिहासिक आयोजन को देखने के लिए स्थानीय खेल प्रेमियों और बच्चों के अभिभावकों की भारी भीड़ उमड़ रही है, जो इस अभियान की सफलता की गवाही दे रही है।
खेल के मैदान से गूंजा राष्ट्रवाद ओबरा में बच्चों के लिए ऐतिहासिक क्रिकेट प्रतियोगिता, मोबाइल छोड़ मैदान की ओर बढ़े कदम
Related Posts
Add A Comment

