लखनऊ मोहनलालगंज विकास खंड के निगोहां क्षेत्र स्थित उतरावां ग्राम पंचायत में मंगलवार को उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी ग्राम पंचायत विकास योजना के अंतर्गत एक विशेष प्रशिक्षण एवं जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में प्रशिक्षकों द्वारा ग्राम पंचायतों के समग्र विकास को लेकर विस्तार से चर्चा की गई तथा गांवों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास योजनाओं को तैयार कर उन्हें धरातल पर उतारने की रणनीति बनाई गई।बैठक में बताया गया कि ग्राम पंचायत विकास योजना उत्तर प्रदेश सरकार के पंचायती राज विभाग की एक महत्वपूर्ण योजना है, जिसे वर्ष 2015-16 से प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में लागू किया गया है। योजना का मुख्य उद्देश्य गांवों का सामाजिक, आर्थिक एवं भौतिक विकास सुनिश्चित करना है। “हमारी योजना, हमारा विकास” की अवधारणा के तहत ग्राम सभा के प्रत्येक व्यक्ति को विकास योजनाओं की प्रक्रिया में सहभागी बनाया जा रहा है, ताकि गांव की वास्तविक जरूरतों के आधार पर योजनाएं तैयार की जा सकें।प्रशिक्षकों ने बताया कि योजना के अंतर्गत सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, रोजगार एवं आजीविका जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्राथमिकता देते हुए वार्षिक एवं पंचवर्षीय कार्य योजनाएं बनाई जाती हैं। साथ ही केंद्र सरकार, राज्य सरकार एवं पंचायत स्तर की योजनाओं का अभिसरण कर उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जाता है, जिससे गांवों में विकास कार्यों को गति मिल सके।बैठक में मुख्य रूप से लखनऊ विश्वविद्यालय के राज्य स्तरीय प्रशिक्षक डॉ. हिमांशु श्रीवास्तव एवं डॉ. निरंजन कुमार तिवारी ने उपस्थित लोगों को ग्राम पंचायत विकास योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों को योजनाओं की उपयोगिता, कार्यप्रणाली और जनभागीदारी के महत्व के बारे में जागरूक किया।
बैठक में राजकीय हाई स्कूल उतरावां के अध्यापकों एवं छात्र-छात्राओं ने विद्यालय से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को भी अधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों के समक्ष रखा। ग्रामीणों ने गांव में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी दिए।इस अवसर पर ग्राम पंचायत सचिव श्रीमती वंदना शर्मा, ग्राम प्रधान भोलानाथ, समाजसेवी सत्य प्रकाश वर्मा, अधिवक्ता ओम प्रकाश सहित पंचायत सदस्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्राम पंचायत विकास योजना के तहत उतरावां में हुई विशेष प्रशिक्षण बैठक
Related Posts
Add A Comment

