जखनियां (गाजीपुर)। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए 373 जखनियां (अनुसूचित जाति सुरक्षित) विधानसभा क्षेत्र में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और भीम आर्मी ने अपनी राजनीतिक सक्रियता तेज कर दी है। क्षेत्र में पार्टी के प्रचार-प्रसार के लिए दीवार लेखन, जनसंपर्क और संगठन विस्तार अभियान चलाया जा रहा है।
क्षेत्र के विभिन्न गांवों और प्रमुख स्थानों पर पार्टी के संदेशों एवं नारों के साथ दीवार लेखन कराया जा रहा है। इसी क्रम में पार्टी से जुड़े नेता विनय सागर का नाम भी प्रमुखता से प्रचारित किया जा रहा है, जिन्हें क्षेत्र में भावी प्रत्याशी के रूप में देखा जा रहा है।
पार्टी कार्यकर्ताओं के अनुसार संगठन का मुख्य उद्देश्य संविधान, सामाजिक न्याय, समानता और बहुजन समाज के मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाना है। इसके लिए गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद स्थापित किया जा रहा है तथा पार्टी की नीतियों और विचारधारा से अवगत कराया जा रहा है।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन अपने जनाधार को मजबूत करने में जुटा है। इसी कड़ी में सदस्यता अभियान, जनसंपर्क कार्यक्रम और संगठनात्मक बैठकों का आयोजन भी किया जा रहा है।
गौरतलब है कि आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) प्रदेशभर में संगठन विस्तार और चुनावी तैयारियों को लेकर सक्रिय है। जखनियां विधानसभा क्षेत्र में भी पार्टी अपनी उपस्थिति मजबूत करने और मतदाताओं के बीच पहुंच बढ़ाने का प्रयास कर रही है।कैप्शन: जखनियां विधानसभा क्षेत्र में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और भीम आर्मी द्वारा चलाए जा रहे प्रचार अभियान के तहत दीवार लेखन के माध्यम से पार्टी का संदेश प्रसारित करते कार्यकर्ता।

