गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने बुधवार को आईटीआई सदर स्थित अस्थायी गौशाला (नगर पालिका परिषद) तथा मोहनपुरा आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
गौशाला के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गोवंश के लिए उपलब्ध हरे चारे और भूसे का निरीक्षण किया तथा उनके समुचित भंडारण और नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने बिजली कनेक्शन, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता और पशु मृत्यु रजिस्टर की भी जांच की। गौशाला परिसर में इंटरलॉकिंग कार्य अधूरा मिलने पर संबंधित अधिकारियों को इसे प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने मोहनपुरा आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण रजिस्टर का अवलोकन कर एक लाभार्थी से फोन पर संपर्क कर उसके स्वास्थ्य और टीकाकरण की जानकारी प्राप्त की। व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को आशा कार्यकर्ताओं का नियमित प्रशिक्षण कराने के निर्देश दिए, ताकि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और बेहतर हो सके।
जिलाधिकारी ने बच्चों के जन्म पंजीकरण एवं टीकाकरण रजिस्टर की भी जांच की तथा एक बच्चे के अभिभावक से संपर्क कर स्वास्थ्य एवं दवाओं की जानकारी ली। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर शीघ्र विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे बच्चों और गर्भवती महिलाओं को बेहतर वातावरण एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
निरीक्षण के दौरान पशु चिकित्सा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी तथा सदर उपजिलाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने आईटीआई सदर की गौशाला व मोहनपुरा आंगनबाड़ी केंद्र का किया निरीक्षण, व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के दिए निर्देश
Previous Articleपॉक्सो एक्ट के वांछित अभियुक्त को सैदपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार
Related Posts
Add A Comment

