गाजीपुर। नेहरू स्टेडियम, गोराबाजार में बुधवार को प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए कुश्ती एवं महिला बैडमिंटन के जिला स्तरीय चयन ट्रायल आयोजित किए गए। दोनों प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का मंडलीय ट्रायल के लिए चयन किया गया।
प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालक कुश्ती प्रतियोगिता, जो 21 से 23 अगस्त 2026 तक जनपद कौशांबी में आयोजित होगी, के लिए आयोजित जिला स्तरीय ट्रायल में कुल 70 खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में प्रतिभाग किया। इनमें से 13 खिलाड़ियों का चयन मंडलीय ट्रायल के लिए किया गया। चयनित खिलाड़ी 8 अगस्त 2026 को प्रातः 9 बजे आयोजित होने वाले मंडलीय चयन ट्रायल में भाग लेंगे।
ट्रायल के दौरान जिला कुश्ती सचिव कमलेश यादव, मुमताज पहलवान, योगेंद्र सिंह यादव, राजू यादव, ओम प्रकाश, मनोज यादव, सिकंदर सोनकर, प्रेमचंद यादव एवं भरत सिंह यादव ने रेफरी के रूप में अपनी सेवाएं दीं। जिला क्रीड़ा अधिकारी देवी प्रसाद की उपस्थिति एवं मार्गदर्शन में प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
वहीं, प्रदेश स्तरीय महिला खेल समारोह के अंतर्गत बैडमिंटन प्रतियोगिता, जो 24 से 25 अगस्त 2026 तक प्रयागराज में आयोजित होगी, के लिए भी जिला स्तरीय चयन ट्रायल आयोजित किया गया। इसमें 30 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 5 खिलाड़ियों का चयन मंडलीय ट्रायल के लिए किया गया। चयनित खिलाड़ी 7 अगस्त 2026 को प्रातः 9 बजे डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम, सिगरा (वाराणसी) में आयोजित मंडलीय चयन ट्रायल में भाग लेंगे।
बैडमिंटन ट्रायल के दौरान प्रशिक्षक चंदन यादव, प्रेमचंद यादव, अंजनी वर्मा, राधेश्याम सिंह यादव तथा जिला क्रीड़ा अधिकारी की उपस्थिति रही। उनके मार्गदर्शन में चयन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
गाजीपुर में कुश्ती व बैडमिंटन के जिला स्तरीय ट्रायल संपन्न, प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का चयन
Related Posts
Add A Comment

