ग़ाज़ियाबाद (मनीष कुमार) स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जेएमएसआईटी कॉलेज में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में कॉलेज के छात्र-छात्राओं के साथ प्रबंधन, फैकल्टी एवं स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर निकले विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारों के साथ पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया।
तिरंगा यात्रा के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह और उमंग देखने को मिली। यात्रा में शामिल सभी प्रतिभागियों ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। यात्रा का उद्देश्य विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान एवं उसके महत्व के प्रति जागरूक करना तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उनमें राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय गौरव की भावना को और मजबूत करना रहा।
इस अवसर पर जेएमएसआईटी कॉलेज के चेयरमैन राकेश सिंहल ने कहा कि तिरंगा केवल हमारे देश का ध्वज नहीं, बल्कि भारत की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने कहा, “‘हर घर तिरंगा’ अभियान देश के प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का स्मरण कराता है। हमारे युवा देश का भविष्य हैं और उनके भीतर राष्ट्रप्रेम, एकता एवं जिम्मेदारी की भावना का मजबूत होना अत्यंत आवश्यक है। तिरंगा यात्रा जैसे आयोजन युवाओं को देश की गौरवशाली विरासत से जोड़ने तथा उनमें राष्ट्रीय चेतना को सुदृढ़ करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।” उन्होंने सभी से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्र की प्रगति में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
कॉलेज के जनरल सेक्रेटरी डॉ. हिमांशु सिंहल ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रहित का संदेश दिया। वहीं अधिशासी निदेशक डॉ. ए.के. चौहान, निदेशक डॉ. अनिरुद्ध बिस्वास एवं प्राचार्य डॉ. प्रवीण गुप्ता ने तिरंगा यात्रा में शामिल विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें देशहित में सकारात्मक एवं रचनात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में एडमिशन डायरेक्टर डॉ. विनोद शर्मा, अंकिता चौधरी (प्रवेश प्रमुख), शिव शंकर पचौरी (प्रवेश प्रमुख) एवं डॉ. गौरव शर्मा (कैंपस मैनेजर) सहित कॉलेज के शिक्षक एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
तिरंगा यात्रा के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान तथा देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया। कॉलेज प्रबंधन ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में देशभक्ति के साथ-साथ अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी, राष्ट्रीय गौरव और नागरिक चेतना की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

