दुल्लहपुर (गाजीपुर)। क्षेत्र के तिरक्षी गांव स्थित इंटर कॉलेज परिसर में बुधवार को वैदिक मंत्रोच्चार, पूजन-अर्चन एवं भव्य कलश यात्रा के साथ श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। धार्मिक आयोजन के शुभारंभ के साथ ही पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
काशी के प्रसिद्ध यज्ञाचार्य पंडित लोकेश पांडेय के सान्निध्य में आयोजित यह धार्मिक अनुष्ठान 3 जून से 10 जून तक चलेगा। आयोजन समिति के अनुसार प्रतिदिन सायं 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक श्रीमद्भागवत कथा, यज्ञ एवं विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम के शुभारंभ पर निकाली गई भव्य कलश एवं शोभायात्रा तिरक्षी गांव से प्रारंभ होकर मीरा रेहटी, मालीपुर और रेवरिया होते हुए मगई नदी के समीप स्थित मंदिर तक पहुंची। वहां श्रद्धालुओं ने वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार कलश में जल भरकर पूजा-अर्चना की और फिर पुनः यज्ञ स्थल इंटर कॉलेज परिसर लौटे।
शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा लगाए गए जयघोष, भजन-कीर्तन एवं धार्मिक नारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा एवं स्वागत कर श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया।
कलश यात्रा में ग्राम प्रधान रीना सिंह, प्रधान प्रतिनिधि दीनानाथ सिंह, तीर्थराज सिंह, नारायण यादव, सुनील गुप्ता, गुड्डू चौहान सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे।
प्रधान प्रतिनिधि दीनानाथ सिंह ने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में सुख, शांति, समृद्धि तथा आपसी भाईचारे को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कथा एवं यज्ञ में शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की।
आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या से पूरे क्षेत्र में उत्साह, श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना हुआ है। कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्रामीणों एवं आयोजन समिति के सदस्यों की सक्रिय भागीदारी सराहनीय रही।
तिरक्षी में भव्य कलश यात्रा के साथ श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ
Related Posts
Add A Comment

