सहतवार (बलिया), 2 जुलाई। थाना क्षेत्र के महादनपुर गांव में तिलक समारोह के दौरान हुई कहासुनी के बाद एक युवक को गोली मारने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि दूसरे की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं।
पुलिस के अनुसार, महाराजपुर निवासी अरुण यादव पुत्र नंदलाल यादव तिलक समारोह में शामिल होने महादनपुर आया था। अरुण ने बताया कि समारोह में उसके दो दोस्तों, नई बस्ती महादनपुर निवासी रितेश पासवान पुत्र राजेश पासवान और पुरानी बस्ती महादनपुर निवासी अमित कुमार राम पुत्र धनयी उर्फ सुरेंद्र राम से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान दोनों ने अरुण के सीने में गोली मार दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी रितेश पासवान को हिरासत में ले लिया। वहीं दूसरे आरोपी अमित कुमार राम की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
घायल अरुण यादव का इलाज मऊ के अस्पताल में चल रहा है। पुलिस के अनुसार उसकी हालत सामान्य है तथा उसके साथ पुलिस बल भी तैनात है।
परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) श्री दिनेश कुमार शुक्ला ने भी घटना की जानकारी दी है।
तिलक समारोह में कहासुनी के बाद युवक को गोली, एक आरोपी हिरासत में, दूसरे की तलाश जारी
Related Posts
Add A Comment

