भीमपुरा (बलिया), 2 जुलाई। थाना भीमपुरा पुलिस ने ट्रैक्टर-टॉली से जानबूझकर टक्कर मारकर मोटरसाइकिल सवार की मौत के मामले में नामजद आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय भेजते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक श्री ओमवीर सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) श्री दिनेश कुमार शुक्ला एवं क्षेत्राधिकारी रसड़ा श्री रजनीश कुमार के पर्यवेक्षण में थाना भीमपुरा पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई को गाजीपुर जनपद के दिलदार नगर निवासी राजेंद्र प्रसाद ने थाना भीमपुरा में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि ट्रैक्टर-टॉली (UP54N7982) का चालक सोनू राजभर अपनी लेन छोड़कर तेज गति से उनके पुत्र मनोज कुमार सिंह (38) की मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में मनोज कुमार सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई।
तहरीर के आधार पर थाना भीमपुरा में मुकदमा संख्या 99/2026, धारा 105 एवं 324(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। विवेचना एवं साक्ष्य संकलन के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गुरुवार सुबह करीब 5:10 बजे शब्दलपुर नहर पुलिया के पास से आरोपी सोनू राजभर (25) निवासी फतेहपुर मंडाव, थाना रामपुर, जनपद मऊ को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय भेज दिया गया है।

