नगरा, बलिया। बलिया जनपद के नगरा विकासखंड अंतर्गत देवरिया गांव स्थित बाबा शिवदत्त बहुउद्देशीय हाल में जयप्रकाश नारायण ग्रामीण प्रौद्योगिकी केंद्र, जयप्रकाशनगर द्वारा खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग (भारत सरकार) के तत्वावधान में एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं, महिलाओं एवं आमजन को स्वरोजगार, रोजगार सृजन एवं आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अभय शंकर सिंह (दादा) ने की, जबकि मुख्य अतिथि अशोक कुमार सिंह रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राम गोविंद प्रजापति ने किया।
मुख्य अतिथि अशोक कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाएं ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग को प्रशिक्षण प्राप्त कर योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए, जिससे गांवों में ही रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा सकें और आर्थिक स्थिति मजबूत हो।
इसके उपरांत ज्योति जीवन ने केंद्र एवं सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने स्वरोजगार हेतु प्रशिक्षण, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, महिलाओं के आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनने के उपाय, ग्रामोद्योग विकास योजना के अंतर्गत प्रशिक्षण एवं निःशुल्क टूल-किट वितरण तथा गांवों में छोटे-छोटे कुटीर उद्योगों की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत जानकारी दी।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में अभय शंकर सिंह (दादा) ने कहा कि ग्रामीण विकास का वास्तविक आधार गांवों में स्वरोजगार और कुटीर उद्योगों का विस्तार है। उन्होंने उपस्थित लोगों से सरकारी योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाने तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से राम सरीखा प्रजापति, पूर्व प्रधान रामायण प्रजापति, ब्रह्मदेव, अवध किशोर, अमरदेव, नरेश, सुनील सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं एवं युवा उपस्थित रहे।
आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता शिविरों से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूती मिलेगी।
देवरिया में जागरूकता शिविर आयोजित, स्वरोजगार एवं महिला सशक्तिकरण पर दिया गया जोर
Related Posts
Add A Comment

