भीमपुरा, बलिया। भीमपुरा थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त को पीड़िता ने थाना भीमपुरा में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसके पति ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की, बाल पकड़कर जमीन पर पटक दिया तथा जान से मारने की नीयत से चाकू से उसके गले और दाहिने हाथ की अंगुली पर हमला कर दिया। तहरीर के आधार पर थाना भीमपुरा में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी रसड़ा रजनीश कुमार एवं थानाध्यक्ष रंजीत विश्वकर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। डायल-112 की सूचना पर पहुंची पीआरवी टीम ने आरोपी संदीप चौहान निवासी ग्राम केशरीपुर, थाना सुखपुरा को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
विवेचना के दौरान फॉरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल से बरामद घटना में प्रयुक्त चाकू को कब्जे में लिया गया। पूछताछ के बाद आरोपी को विधिक कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

