बैरिया बलिया। बलिया पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए स्वाट, सर्विलांस और बैरिया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद पांच शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान एक आरोपी पुलिस पर फायरिंग करते हुए जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसके कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर रविवार तड़के जयप्रकाश नगर बंधा मार्ग स्थित टोलाबाज राय मोड़ पर घेराबंदी की गई। सूचना थी कि चोरी की मोटरसाइकिलों को ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लादकर बिहार ले जाकर बेचने की तैयारी की जा रही है। पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी हेमंत सिंह ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को तत्काल सीएचसी सोनबरसा भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हेमंत सिंह, हर्ष राज सिंह उर्फ राज सिंह, दिनेश श्रीवास्तव, अनुज उपाध्याय उर्फ शिवम उपाध्याय तथा जयकुमार गोड़ उर्फ सन्टुल गोड़ के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली, 11 चोरी की मोटरसाइकिलें, दो पंपिंग सेट मोटर, चोरी करने के उपकरण तथा एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई का नेतृत्व अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा, क्षेत्राधिकारी बैरिया आलोक गुप्ता तथा प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद सिंह ने किया। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना बैरिया में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बलिया पुलिस की बड़ी सफलता: मुठभेड़ में 5 अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरफ्तार, 11 चोरी की बाइक, ट्रैक्टर-ट्रॉली और हथियार बरामद
Related Posts
Add A Comment

