मऊ। प्रतियोगी एवं शैक्षणिक परीक्षाओं को निष्पक्ष और शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के अभियान के तहत मऊ पुलिस ने बीएड परीक्षा में फर्जी परीक्षार्थी बनकर परीक्षा देने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक मऊ श्री कमलेश बहादुर के निर्देश पर परीक्षा नकल माफियाओं एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक श्री अनूप कुमार एवं क्षेत्राधिकारी नगर श्री कृष राजपूत के पर्यवेक्षण में कोतवाली नगर पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार डीसीएसके खण्डेलवाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मऊनाथ भंजन में 1 जून 2026 को आयोजित बीएड द्वितीय सेमेस्टर के पंचम प्रश्नपत्र की परीक्षा के दौरान एक व्यक्ति मूल परीक्षार्थी के स्थान पर परीक्षा देता पाया गया था। आरोप है कि उसने प्रवेश पत्र पर लगी फोटो को खुरचकर स्वयं परीक्षा देने का प्रयास किया था।
मामले की जांच के बाद वांछित आरोपी आनंद साहनी पुत्र राधेश्याम साहनी निवासी मर्यादपुर थाना रामपुर जनपद मऊ, उम्र लगभग 25 वर्ष, को 3 जून 2026 को पुलिस हिरासत में लिया गया। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा जा रहा है।
इस संबंध में थाना कोतवाली नगर में मुकदमा संख्या 161/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम 2024 की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है।
मऊ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि परीक्षाओं की पवित्रता से खिलवाड़ करने वाले व्यक्तियों एवं नकल माफियाओं के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
बीएड परीक्षा में फर्जी परीक्षार्थी बनकर बैठने वाला आरोपी गिरफ्तार
Previous Articleचोरी की 5 ई-रिक्शा बैटरियों के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
Related Posts
Add A Comment

