सिकंदरपुर (बलिया), 9 जुलाई। महावीरी झंडा जुलूस को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने थाना सिकंदरपुर में जुलूस के आयोजकों के साथ बैठक की। बैठक में जुलूस के निर्धारित मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने आयोजकों से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं और सुझावों की जानकारी ली तथा प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि जुलूस को परंपरागत एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
बैठक के उपरांत दोनों अधिकारियों ने महावीरी झंडा जुलूस के सभी निर्धारित मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को सुरक्षा, यातायात एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला, क्षेत्राधिकारी सिकंदरपुर राकेश कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी सिकंदरपुर, प्रभारी निरीक्षक मूलचंद चौरसिया सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

