वाराणसी सखी वन स्टॉप सेंटर वाराणसी एवं विकास एवं शिक्षण समिति (वेस इंडिया) के संयुक्त तत्वावधान में “युवा संवाद : महिला अधिकार, सुरक्षा और सम्मान” विषयक एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन सखी वन स्टॉप सेंटर वाराणसी परिसर में किया गया
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को महिला सुरक्षा समान अधिकार सशक्तिकरण तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता सखी वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रबंधक श्रीमती रश्मि दुबे ने उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं हेतु संचालित केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं कानूनी सहायता, हेल्पलाइन सेवाओं तथा महिला उत्पीड़न की स्थिति में उपलब्ध सहायता तंत्र के बारे में युवाओं को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि जागरूक युवा ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं तथा महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा हेतु संवेदनशील वातावरण तैयार कर सकते हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित बाल संरक्षण अधिकारी श्रीमती निरुपमा सिंह ने बच्चों से जुड़े विभिन्न कानूनों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी दी उन्होंने बाल अधिकार बाल सुरक्षा, पॉक्सो अधिनियम बाल विवाह निषेध तथा बच्चों के संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर प्रोफेसर शरद कुमार ने भी युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण और लैंगिक समानता केवल महिलाओं का मुद्दा नहीं, बल्कि एक स्वस्थ एवं प्रगतिशील समाज की आवश्यकता है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक सरोकारों के प्रति सजग एवं सक्रिय रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन वेस इंडिया के निदेशक डॉ. राजेश श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने संवादात्मक शैली में युवाओं को महिला अधिकारों सामाजिक भागीदारी एवं जागरूक नागरिक की भूमिका के बारे में प्रेरित किया।
कार्यक्रम में लगभग दो दर्जन से अधिक युवाओं की सहभागिता रही। प्रतिभागियों ने बड़े उत्साहपूर्वक विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं अधिकार संबंधी जानकारियों को जाना समझा और सराहा कार्यशाला के दौरान युवाओं ने प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सुश्री नेहा सिंह (सेंटर मैनेजर),प्रियंका राय (जेंडर स्पेशलिस्ट),काउंसलर खुशबू सिंह,प्रियंका,श्वेता राय,सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों वसंत कन्या महाविद्यालय कामाख्या आर्य महिला पीजी कॉलेज डीएवी पीजी कॉलेज एसआरएम चेन्नई तथा मदन मोहन मालवीय गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज गोरखपुर के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

