निगोहां, लखनऊ मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत के निस्तारण और परिवहन निगम के स्पष्ट आदेश के बावजूद मोहनलालगंज-निगोहां मार्ग स्थित मदाखेड़ा मंदिर चौराहे पर आज तक रोडवेज बसों का ठहराव शुरू नहीं हो सका है। इससे क्षेत्र के हजारों यात्रियों में नाराजगी है।निगोहां क्षेत्र के कुशमौरा निवासी एवं शिक्षक वीरेंद्र कुमार अवस्थी ने क्षेत्रीय जनता की सुविधा को देखते हुए मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत संख्या 40015725084816 दर्ज कराकर मदाखेड़ा मंदिर चौराहे पर रोडवेज बसों के ठहराव की मांग की थी।जांच के दौरान चारबाग डिपो की ओर से भेजी गई आख्या में नियमित बस स्टॉप घोषित करने में असमर्थता जताई गई। इसके बाद उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम, लखनऊ के क्षेत्रीय प्रबंधक ने जनहित एवं निगम हित को ध्यान में रखते हुए मदाखेड़ा मंदिर चौराहे को प्रार्थना स्टॉप बनाते हुए आदेश जारी किया कि इस मार्ग से गुजरने वाली रोडवेज बसों के चालक एवं परिचालक यहां मौजूद यात्रियों को बस में बैठाएं और उतारें तथा नियमानुसार किराया वसूल करें। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों एवं डिपो को भी निर्देश दिए गए।मदाखेड़ा मंदिर चौराहा क्षेत्र का प्रमुख आवागमन केंद्र माना जाता है। यहां से पांच दर्जन से अधिक गांवों के लोग प्रतिदिन अपने निजी कार्यों, शिक्षा, चिकित्सा, सरकारी कार्यालयों और अन्य आवश्यक कामों के लिए राजधानी लखनऊ तथा मोहनलालगंज की ओर यात्रा करते हैं। इसके बावजूद बसों का यहां नहीं रुकना ग्रामीणों के लिए बड़ी समस्या बना हुआ है।ग्रामीणों का कहना है कि विभागीय आदेश के बावजूद अधिकांश रोडवेज बसें बिना रुके निकल जाती हैं। इससे छात्रों, महिलाओं, बुजुर्गों, किसानों, शिक्षकों और नौकरीपेशा लोगों को कई किलोमीटर दूर स्थित अन्य स्टॉप तक जाना पड़ता है या फिर महंगे निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ता है।शिकायतकर्ता वीरेंद्र कुमार अवस्थी ने कहा कि जब परिवहन निगम स्वयं मदाखेड़ा मंदिर चौराहे को प्रार्थना स्टॉप के रूप में स्वीकृति देकर बसें रोकने के निर्देश जारी कर चुका है, तब भी आदेशों का पालन नहीं होना गंभीर लापरवाही है। उन्होंने मांग की कि संबंधित अधिकारियों द्वारा तत्काल आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए, ताकि क्षेत्र की हजारों की आबादी को राहत मिल सके।क्षेत्रवासियों ने भी चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही परिवहन निगम के आदेश का पालन नहीं कराया गया तो वे दोबारा मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के साथ जनआंदोलन शुरू करने को विवश होंगे।
मुख्यमंत्री पोर्टल के आदेश के बाद भी मदाखेड़ा मंदिर चौराहे पर नहीं रुक रहीं रोडवेज बसें, पांच दर्जन गांवों के लोगों को परेशानी
Related Posts
Add A Comment

