(गाजीपुर)।अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में चल रहे योग सप्ताह पखवाड़ा के अंतर्गत शुक्रवार को मेघबरन सिंह स्टेडियम, करमपुर (सैदपुर) में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन “आयुष आपके द्वार, करें योग-रहें निरोग” अभियान के तहत किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों ने सहभागिता कर योगाभ्यास किया।
यह आयोजन क्षेत्रीय आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. दिग्विजय नाथ तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधन अखिलेश गुप्ता के निर्देशन में संपन्न हुआ। शिविर का संचालन राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय/आयुष्मान आरोग्य मंदिर ईशोपुर की ओर से किया गया।
योग प्रशिक्षक मुकेश यादव एवं योग सहायक दिलीप कुमार ने खिलाड़ियों और स्टेडियम के कोचों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर को स्वस्थ और सुदृढ़ बनाता है, बल्कि मानसिक तनाव को भी दूर कर व्यक्ति को सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है।
शिविर के दौरान प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों को खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि योग शरीर की लचीलापन बढ़ाने, एकाग्रता विकसित करने और शारीरिक क्षमता में वृद्धि करने का सबसे सरल एवं प्रभावी माध्यम है।
कार्यक्रम में उपस्थित खिलाड़ियों ने भी योग के महत्व को समझते हुए इसे नियमित रूप से अपनाने का संकल्प लिया। प्रशिक्षकों ने आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सभी खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों एवं आम नागरिकों से प्रातः टाउन नेशनल ग्राउंड में आयोजित सामूहिक योग कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
योग शिविर के सफल आयोजन से खिलाड़ियों और स्थानीय लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश प्रसारित हुआ तथा योग के माध्यम से स्वस्थ एवं निरोग समाज के निर्माण का संकल्प दोहराया गया।

